शाहगंज। आरपीएफ चौकी प्रभारी अशोक प्रताप सिंह पर बुधवार की रात हुए जानलेवा हमले की जांच में शुक्रवार की दोपहर आरपीएफ के डीआईजी पंकज गंगवार शाहगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने घटना के बारे में मातहतों से देर तक पूछताछ की।
आधा घंटे तक स्टेशन पर रहे डीआईजी ने आरपीएफ व जीआरपी से स्टेशन और यहां की सुरक्षा व्यवस्था के मसले पर देर तक बात की। उन्होंने चौकी प्रभारी पर हुए जानलेवा हमले के बाबत आरपीएफ के जवानों से पूछताछ की। स्टेशन और ट्रेनों की सुरक्षा की समीक्षा भी की। जीआरपी चौकी प्रभारी अतुल्य पांडेय से मुकदमे में प्रगति के बाबत चर्चा की। जिसपर फरार चल रहे दो अज्ञात हमलावरों को बहुत जल्द गिरफ्तार करने का चौकी प्रभारी ने भरोसा दिलाया। वहीं आरपीएफ के इंस्पेक्टर अवतार सिंह को आवश्यक दिशानिर्देश दिया। इस दौरान विपिन कुमार, सीओ जीआरपी विमल किशोर श्रीवास्तव, जीआरपी इंस्पेक्टर संतोष श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक आरपी राम आदि मौजूद रहे।