जौनपुर। जिले के अलग -अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार जंघई व सुरियावां स्टेशनों के बीच बुधवार की सुबह एक युवक का शव पटरी के बगल मिला। किसी ने स्टेशन मास्टर को सुचना दी तो स्टेशन मास्टर ने इसकी सुचना जंघई जीआरपी को दी। इसके बाद परिजनों को बुला कर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। मृतक की पहचान रत्नेश कुमार पुत्र कमलेश कुमार 20 वर्ष बहुता सुजानवीर थाना सुरियावां निवासी के रूप मे हुई। घरवालों के मुताबिक सुबह पांच बजे घर से सूरज घूमने निकला था। लेकिन आठ बजे तक घर नहीं पहुँचा।
इसी तरह बदलापुर थाना क्षेत्र के महराजगंज रोड पर स्थित गेट नंबर तेइस सी के पश्चिमी सिगनल के पास भलुआही गाँव में सुल्तानपुर से वाराणसी जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने कूद कर साठ वर्षीय वृद्ध ने बुधवार की सुबह आत्महत्या कर ली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुल्तानपुर की ओर से जौनपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन सिगनल के पास पहुंची तभी वृद्ध उसके सामने कूद गया । ट्रेन चालक ने घटना की सूचना स्टेशन अधीक्षक परमेश्वर को दिया। मृतक के शरीर पर पैंट शर्ट था ।
चंदवक थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर रेलवे क्रासिंग के पास औड़िहार जौनपुर रेल प्रखंड पर थाना क्षेत्र के बलुवा बिजईपुर गांव निवासी 40 वर्षीय जयप्रकाश बनवासी पत्नी मनोरमा के साथ ननिहाल क्षेत्र में तिवारीपुर में छटंकी बनवासी के यहाँ तीन दिन पूर्व आया था और पत्नी से कह कर निकला कि घर जा रहा हूँ। बुधवार सुबह किसी ने उसके रेल से कटने की सूचना दी।