शाहगंज। सऊदी अरब से कमाकर घर आ रहे चार यात्रियों को जहरखुरानों ने कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन में नशीला पदार्थ खिलाकर लूट लिया। जहरखुरान पीड़ित यात्रियों के पास से नकद समेत लाखों का सामान उठा ले गए। चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरपतहां थाना क्षेत्र के सरायमोहीउद्दीनपुर गांव निवासी अबरार अहमद (26), आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के मुड़ियार का निवासी हसनरजा (30), रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी करमैनी निवासी शाह आलम (39) और एक अन्य व्यक्ति सऊदी अरब से कमाकर घर लौट रहे थे। चारों कैफियात एक्सप्रेस ट्रेन से घर लौट रहे थे। चारों एसी प्रथम श्रेणी में यात्रा कर कर रहे थे। जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर चारों को बेहोश कर दिया और इन यात्रियों का सामान और नगदी लेकर भाग भाग गए। जीआरपी ने बेहोशी की हालत में चारों को शाहगंज स्टेशन पर उतारा और उन्हें राजकीय पुरुष चिकित्सालय में भर्ती कराया। इनमें से एक की हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। जीआरपी ने घटना की सूचना भुक्तभोगी के परिजनों को दी है।