मीरगंज (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के लासा गांव में दो मासूमों की हत्या के दूसरे दिन भी गांव में सन्नाटा पसरा है। सहसा लोग इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रहे कि आखिर स्वभाव से सीधा साधा युवक अचानक इतना क्रूर कैसे हो गया। जिसने अपने ही दो बच्चों की जान ले ली। गंभीर रूप से घायल महिला अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रही है। उसका इलाज बीएचयू में चल रहा। जबकि आरोपी पति का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गांव से लेकर इलाके के चट्टी चौराहों पर इसी घटना की चर्चा हो रही है।
मीरगंज थाना के लासा गांव मे बुधवार को संदीप प्रजापति ने अपनी पत्नी व दोनों बच्चो पर कुल्हाड़ी से हमला करने के बाद खुद को पेट में चाकू घोंप लिया था। दोनों बच्चों की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी लक्ष्मी को बीएचयू में भर्ती कराया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना के सबूत एकत्र किए हैं। सीओ मछलीशहर सौम्या पांडेय ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की है। सिरफिरे युवक की शादी 2011 में बरसठी थाना के झिगुरिया गांव में हुई थी। घटना की खबर मिलने पर मौके पर पहुंचे महिला के मायके के लोगों ने कहा कि उन्हें जरा भी भरोसा नही था की वह इस हद तक जाकर बच्चो की हत्या कर सकता है। अगर उन्हें जरा भी शक होता तो अभी एक सप्ताह पहले लक्ष्मी को उसके साथ विदा न किए होते। बच्चों को भी यहां से घर उठा ले गए होते। सीओ मछलीशहर सौम्या पांडेय ने बताया की गांव के चौकीदार की तहरीर पर संदीप प्रजापति के खिलाफ हत्या और प्राणघातक हमला करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है।