जौनपुर। केराकत, सिंगरामऊ, मछलीशहर में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केराकत प्रतिनिधि के अनुसार, केराकत से थानागद्दी चौकी की तरफ मोहल्ला गोलावार्ड निवासी पकौड़ी सेठ का 17 वर्षीय पुत्र चन्दन और घनश्याम का 18 वर्षीय पुत्र सनी बाइक से आ रहे थे। बांसबारी ग्राम के पास बाइक की चपेट में बांसबारी निवासी मुकेश 17 साल आ गया। मुकेश अपने टेंट की दूकान से घर जाने के लिए निकल रहा था। इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई जिसमें चंदन एवं सनी घायल हो गए। तीनों को केराकत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया। जहाँ उपचार के बाद घायलो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसमें एक घायल को वाराणसी ट्रामा सेण्टर इलाज के लिए ले जाया गया।
सिंगरामऊ प्रतिनिधि के मुताबिक, सुल्तानपुर-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कबेली गांव के साढ़ापुर मोड़ के पास रविवार को दिन में 11 बजे के करीब ट्रैक्टर को बचाने में ट्रक अनियंत्रित होकर खड्ड में चला गया। ट्रक चालक बृजेंद्र और खलासी सुदेश निवासी ईश्वरपुर चौबिया इटावा घायल हो गए। दोनों को बदलापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मछलीशहर प्रतिनिधि के मुताबिक, हाईवे पार करने के दौरान तोहफापुर गांव के पास एक अधेड़ व्यक्ति बाइक की चपेट में आ गया। हादसे में तीनों घायल हो गए जिसमें अधेड़ की मौत हो गई। घायल बाइक सवार कौरहां निवासी बच्चा यादव और राजेश यादव ंको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में मृत अधेड़ की पहचान नही हो सकी है।