सुईथाकला। सरपतहा थाने की पुलिस लूट की वारदात का खुलासा करने में नाकाम रही है। तीन महीने के अंतराल में इलाके में लूट और चोरी की नौ वारदात हुईं। पुलिस लूट को चोरी में दर्ज कर मामले को रफादफा करने में ही लगी रही।
पिछले सप्ताह अरसिया बाजार के पास भुसौड़े के रहने वाले राइस मिल मालिक योगेंद्र सिंह से बदमाशों ने 20 हजार नकद, मोबाइल फोन और चेकबुक छीनकर बदमाश फरार हो गए। 29 नवबर को भैसौली के नसीम अहमद इलाहाबाद बैंक शाखा सूरापुर से 90 हजार निकाल कर घर जा रहे थे। रास्ते में बाइक सवार बदमाश तमंचे दिखाकर उनके पास से 90 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने लूट के इस मामले को चोरी में दर्ज कर लिया। तहसील दिवस पर शाहगंज पहुंचे एसपी से पीड़ित ने शिकायत की तो एसपी ने थानाध्यक्ष को फटकार लगाते हुए लूट का केस दर्ज करने को कहा था। 10 अक्तूबर को प्रेमचंद तिवारी (40) निवासी उनुरुखा थाना अखंडनगर सुल्तानपुर को घर जाते समय सरपतहा थाना क्षेत्र के अरसिया मार्ग पर गोली मारकर बदमाशों ने मोटरसाइकिल लूट ली। नौ अक्तूबर को स्वास्थ्य कर्मी उर्मिला भारतीय स्टेट बैंक शाहगंज से घर जा रही थी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनसे 45 हजार रुपये लूट लिए। 14 अक्तूबर को मिसिरपुर गांव में अफरोज समेत चार घरों से लाखों का सामान चोरी हुआ। 28 अक्तूबर को रामप्रसाद तिवारी निवासी बरौत थाना सरपतहा के घर से दो लाख से अधिक का माल चोरों ने पार कर दिया था। 11 नवंबर को बुमकहा निवासी रोहित सिंह के घर से भी लाखों की चोरी हुई थी। 18 नवंबर को आभूषण व्यवसायी प्रेमचंद सोनी से अशोकपुर के पास और 13 दिसंबर को को खाद बीज व्यापारी द्वारिका प्रसाद मौर्य से लूट हुई थी। 14 दिसंबर को सोनू पुत्र जीते निवासी हाजीपुर बरुआर के पास से यूनियन बैंक शाखा पट्टीनरेंद्रपुर से 55 हजार रुपये निकाल कर घर जाते समय बदमाशों ने बैंक के बाहर तमंचे के बल पर 55 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे।