मुंगराबादशाहपुर। मुंबई में आठ जनवरी को एटीएम से हुई 38 लाख रुपये की लूट के मुख्य आरोपी सुरेंद्र यादव का शव रहस्यमय परिस्थितियों में शुक्रवार को सुबह सरायरहिचंदा गांव के पास पेड़ से फंदे से लटकता मिला। मादरडीह निवासी सुरेंद्र यादव गुरुवार को अपने बेटे शुभम (17) के साथ हवाई जहाज से घर आने के लिए चला था। उसका शव फंदे से लटकता मिला जबकि उसके बेटे का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सरायरहिचंदा गांव के लोग सुबह सोकर उठे तो बस्ती से दूर सड़क किनारे एक पेड़ पर फंदे पर लटक रहे युवक का शव देख शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। शव की पहचान बगल के गांव मादरडीह निवासी सुरेंद्र यादव (38) के रूप में हुई। सुरेंद्र की ही तलाश में मुंबई पुलिस की एक टीम भी गुरुवार की शाम को ही मुंगराबादशाहपुर आई थी। सुरेंद्र का शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे टुलिंज थाने के प्रभारी आनंद करकरे ने बताया कि सुरेंद्र यादव मुंबई के नालासोपारा में ओला कैब चलाता था। 8 जनवरी की रात करीब 9 बजे उसने अपने तीन साथियों के साथ मुंबई के टुलिंज थाना क्षेत्र में एक्सिस बैंक के एटीएम में पैसा डाल रहे कर्मचारियो को बंधक बनाकर 38 लाख रुपये लूट लिये थे। लूट में वैगन आर गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था जो सीसीटीवी मे कैद हो गयी। गाड़ी का नंबर ट्रेस होने के बाद मुंबई की पुलिस सुरेंद्र के पीछे लग गयी । पुलिस ने नालासोपार में स्थित उसके घर पर छापा मारा तो लूटकांड मे शामिल गाड़ी बरामद कर ली गयी। दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर गयी तो वहां पर बैग भी मिला लेकिन पैसा नदारद था। पुलिस की टीम लगातार दबिश देती रही थी । सुरेंद्र के भाई राजेश का कहना है कि सुरेंद्र यादव अपने पुत्र शुभम (17) के साथ मुंबई से कल शाम को जहाज से वाराणसी पहुंचा था। वहां से वह अपने घर के लिए रवाना हुआ लेकिन वह घर नही पहुंचा। सुबह घर से एक किलोमीटर दूर बगल के गांव सरायरहिचंदा मे पेड़ फांसी के फंदे से लटकता उसका शव मिला। शुभम का अभी तक अता पता नही है। मुंबई व मुंगराबादशाहपुर की पुलिस पता लगाने में जुटी है कि सुरेंद्र की हत्या की गई या उसने आत्महत्या की।