केराकत। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बेलाव पुल के पास शुक्रवार की रात में कर्मचारी से बाइक लूट के मामले में पुलिस दूसरे दिन भी लुटेरों का पता नहीं लगा सकी। इस मामले में पुलिस देर रात तक छानबीन कराई लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।
केराकत क्षेत्र के पठखौली निवासी गिरीश चंद चतुर्वेदी अंबेडकर जिले में गन्ना विभाग में लेखाकार पद पर तैनात हैं। वह छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार को अपनी पल्सर बाइक से जफराबाद से घर लौट रहे थे। वह रात में करीब दस बजे बेलाव पुल के पास पहुंचे थे तभी पीछे से पहुंचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और तमंचे से हवाई फायर आतंकित करते हुए बाइक, मोबाइल और बैग लूट लिया। बाइक छीनकर बदमाश बेलाव की ओर फरार हो गए। सूचना मिलते ही केराकत कोतवाल सुनील दत्त और मुफ्तीगंज चौकी प्रभारी समेत सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस देर रात तक जगह जगह नाकेबंदी कराकर छानबीन कराई लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।