मछलीशहर (जौनपुर)। जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के परसूपुर चौराहे के पास बुधवार को सुबह हुई इनोवा और वैगनआर कार की टक्कर में गाजीपुर के सीडीओ के चालक समेत तीन लोग घायल हो गए।
गाजीपुर के मुख्य विकास अधिकारी हरिकेश चौरसिया का परिवार लखनऊ में रहता है। उन्हें लाने के लिए सीडीओ का चालक इकराम (25) व गार्ड दयाशंकर(48) निवासी वारिकपुर नोनरा गाजीपुर इनोवा कार से लखनऊ जा रहे थे। उधर थाना जलालपुर के मुरादपुर हौज गांव निवासी राम कुमार यादव (48) अपनी बैगन-आर कार से इलाहाबाद से देवरिया जा रहे थे । परसूपुर के पास पहुंचे थे तभी सामने से जा रही रोडवेज बस को बैगन आर का चालक ओवरटेक करने का प्रयास करने लगा इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही ईनोवा से सीधी टक्कर हो गई। इनोवा का चालक इकराम व सीडीओ का गार्ड दया शंकर यादव घायल हो गये । वैगनआर में बैठे राम कुमार यादव को भी चोटें आईं ।