विशुनपुर ग्राम पंचायत के मलूकपुर गांव में रविवार की भोर में खेत की सिंचाई करने गए अनुसूचित जाति के दंपती खेत से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। देर शाम तक उनके घर न लौटने पर परिजन और दर्जनों ग्रामीण रात में थाने पर पहुंच गए। पुलिस ने खेत में फावड़ा, साइकिल व चप्पल बरामद की। ग्रामीणों ने सोमवार की शाम थाने के सामने 15 मिनट तक चक्काजाम किया।
गांव निवासी राम चरित्र (58) पूर्व से गांव के ही धर्मवीर सिंह का खेत बंटाई पर जोतते बोते रहे हैं। इस वर्ष खेत में गेहूं की फसल बोई है। इसकी सिंचाई के लिए वह पत्नी किस्मत्ती (56) के साथ रविवार की सुबह करीब 6 बजे खेत पर गए थे। शाम तक वापस नहीं लौटे तो परिजन तलाशते हुए खेत पर गए। वहां कुछ पता न चलने पर अगल-बगल के खेतों में भी तलाश की। एक खेत में राम चरित्र की चप्पल, फावड़ा व साइकिल खड़ी मिली, किंतु उन दोनों का कहीं पता नहीं चला।
घटना से आक्रोशित 12 से अधिक ग्रामीण देर रात करीब साढ़े 10 बजे थाने पहुंच गए। दंपति के लापता होने की खबर लगते ही थाने पर एडिशनल एसपी सिटी अरविंद कुमार वर्मा, सीओ शाहगंज अजीत सिंह चौहान, एसडीएम राजेश चौरसिया मौके पर पहुंच गए। दंपती की पुत्री सरिता ने बगल खेत के चकदार तीन सगे भाइयों और भतीजे पर हत्या का अंदेशा जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि इनके द्वारा चकों की मेड़ पर बांस बल्ली के सहारे नंगा तार घेरा गया है। जिसमें करंट प्रवाहित किया गया है। इसकी चपेट में आकर ही दोनों की मौत हुई होगी। पुलिस गांव में दंपती से किसी के साथ पुरानी रंजिश से लेकर विभिन्न कोणों से घटना की छानबीन कर रही है।
...............................................
टार्च की रोशनी में किया घटनास्थल का निरीक्षण :-
एसपी सिटी व क्षेत्राधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंच टार्च की रोशनी में घटनास्थल का निरीक्षण किया। हत्या की आशंका को लेकर शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। आशंका के चलते गांव में स्थित तीन कुआं में शव फेंके जाने के अंदेशे में घंटो तक एनडीआरएफ की टीम तलाश करती रही।