जौनपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब सुस्त पड़ने लगी है। सोमवार को 258 नए मरीज मिले, जबकि 682 स्वस्थ हुए। हालांकि महिला समेत तीन लोगों की मौत भी हुई। अब जिले में एक्टिव केस 3038 रह गए हैं। इसमें 2817 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 196 मरीजों की जान जा चुकी है।
कोरोना मरीजों के संपर्क में आने वालों में संक्रमण की पहचान के लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर जांच की। मछलीशहर सीएचसी की टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में मीरगंज के बधवा गांव में 66 लोगों का एंटीजन टेस्ट किया। इसमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें कोरोना मेडिकल किट देकर होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। जिले के अन्य क्षेत्रों में 5985 एंटीजन टेस्ट हुए। जिसमें सिर्फ 60 एक्टिव केस मिले। यह आंकड़ा एक प्रतिशत का है। वहीं आरटी-पीसीआर जांच के लिए 736 सैंपल भेजे गए। पूर्व में लिए गए सैंपल में से 177 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिला अस्पताल में लगे ट्रूनट मशीन से 21 लोगों में संक्रमण की पहचान हुई। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि कोरोना से सोमवार को चंदवक के हरदासीपुर निवासी वृद्ध (74), महराजगंज के विझवट निवासी युवक (36) और रामपुर के कमरुद्दीनपुर निवासी महिला (55) की मौत हो गई। इनका विभिन्न कोविड अस्पतालों में उपचार चल रहा था। जिले के 328 मरीजों को सरकारी व निजी कोविड अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
कोरोना से डिप्टी आरएमओ की मौत
जौनपुर। जिले में कोरोना से एक और अधिकारी की मौत हो गई है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी के पद पर तैनात महेश चंद्र श्रीवास्तव ने रविवार की रात दम तोड़ दिया। पिछले एक माह से वह कोरोना संक्रमित होकर वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। निधन की खबर मिलते ही विभागीय अफसरों-कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। मिर्जापुर जिले के कछवां निवासी महेश चंद्र (45) ने नवंबर 2016 को जिले में कार्यभार संभाला था। उनके निधन पर कार्यालय में कर्मचारियों ने शोकसभा की। दो मिनट का मौन रखकर गतात्मा के शांति की प्रार्थना की। शोकसभा में विपणन निरीक्षक कमलेश नारायण, मनमोहन लाल, नीरज यादव, सेराज अहमद, मु. आरिश आदि मौजूद रहे।
आपातकालीन सेवाओं के लिए देंगे निशुल्क वाहन
केराकत। भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवान एवं केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डेहरी गांव निवासी अजय कुमार यादव ने कोविड महामारी को देखते हुए अपने गांव डेहरी के ग्रामीणों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निशुल्क वाहन देने की घोषणा की है। गांव या आसपास का कोई भी व्यक्ति उनके मोबाइल नंबर 8005320063, 8492902895 व 7705957490 पर जरूरत पर संपर्क कर सकता है।
पूर्व चेयरमैन का निधन
जौनपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ नीलेश श्रीवास्तव की मां और नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन संध्या रानी श्रीवास्तव का सोमवार को निधन हो गया। करीब 70 वर्षीय संध्या रानी वर्ष 1995 में नगर पालिका की अध्यक्ष चुनी गई थीं। उनके निधन पर चेयरमैन माया टंडन, पूर्व चेयरमैन दिनेश टंडन, कर्मचारी नेता राकेश श्रीवास्तव, भाजपा नेता राजेश श्रीवास्तव, नीरज श्रीवास्तव, नीलमणि श्रीवास्तव आदि ने शोक जताया है।