- पिछले एक माह से लखनऊ पीजीआई में चल रहा था उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। कोरोना संक्रमित एक व्यापारी की शनिवार को मौत हो गई। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जिले में अब तक 96 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। उधर, शनिवार को 15 नए पॉजिटिव केस भी मिले, जबकि 11 मरीज ठीक हुए।
मुंगराबादशाहपुर के नईगंज मोहल्ला निवासी मोटर पार्ट्स के दुकानदार (43) लंबे समय से लीवर में संक्रमण से जूझ रहे थे। करीब एक माह पहले पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया। वहां जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान ही शनिवार को मौत हो गई। निधन के बाद कोविड-19 के मानकों के तहत शव का स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में लखनऊ में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि दुकानदार के संपर्क में आए परिवार और आसपास के अन्य लोगों की भी जांच कराई जाएगी। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 871 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 15 पॉजॎिटिव हैं। अब तक 6377 पॉजिटिव केस हो गए हैं। पहले के 11 मरीज ठीक हुए। कुल 785 नए सैंपल किए गए।