जौनपुर। मुंबई से घर लौटने वालों के साथ ही जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। बुधवार को कोरोना का एक नया केस सामने आया। एक सप्ताह पूर्व मुंबई से कार में गांव आया शख्स कोरोना पॉजीटिव निकला है। बुधवार की शाम रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे एंबुलेंस से वाराणसी के पं. दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय भेज दिया। उसके साथ आए जिले के एक अन्य युवक की भी निगरानी बढ़ा दी गई है। जिले में अब कोरोना के कुल 13 केस हो गए हैं। इसमें आठ मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
खुटहन ब्लाक के शेखपुर सुतौली गांव निवासी एक शख्स (48) मुंबई के भारती कमला नगर साल्ट मेन रोड उड़ाला पूर्व एंटाप हिल इलाके में रहता है। तीन मई को वह निजी चार पहिया वाहन से गांव के लिए रवाना हुआ। पांच मई को वह जौनपुर पहुंचा। गांव के प्राथमिक विद्यालय में उसे क्वारंटीन में रखा गया था। ब्लाकवार रैंडम आधार पर जांच कर रही स्वास्थ्य टीम ने 10 मई को उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा। इसी बीच मंगलवार को वह स्वेच्छा से विद्यालय से निकलकर घर पहुंच गया। बुधवार की शाम उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई। रिपोर्ट आने से पहले तक उसमें कोरोना का कोई लक्षण प्रकट नहीं हुआ था। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मरीज के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनके सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इस शख्स के साथ वाहन में दो अन्य लोग भी आए थे। इनमें एक जिले के मुफ्तीगंज ब्लाक के एक गांव का निवासी है, जबकि दूसरा सुल्तानपुर जिले के कादीपुर ब्लाक का रहने वाला है। सुल्तानपुर डीएम को इस बारे में अवगत करा दिया गया है।
मुंबई से आया गांव, बिगड़ी तबीयत
मीरगंज। मुंबई के भिवंडी से मंगलवार को सायकिल से गांव पहुंचे शख्स (45) की बुधवार को तबीयत बिगड़ गई। उसे गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटीन में रखा गया था। अचानक तेज बुखार होने पर प्रधान ने कंट्रोल रुम में सूचना दी। गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम ने उसे आइसोलेशन के लिए मेहरावा ले गई। कोरोना निगरानी टीम के चिकित्सक डॉ. बीएल यादव ने बताया कि मुंबई से सायकिल चला कर आने के कारण भी तबीयत खराब होने की संभावना है। फिलहाल ऐहतियात के तौर पर उसे आइसोलेशन में भेजा गया है।