मछलीशहर। एक सीमेंट कंपनी के विपणन अधिकारी ने नगर से गुजर रहे एक वाहन पर लदे 250 बोरी सीमेंट को पकड़ा। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि यह सीमेंट नकली है। जिसे जंघई की एक एजेंसी से खरीदकर भुइला ले जाया जा रहा था। पुलिस को तहरीर दी गई किंतु अन्य क्षेत्र का मामला बताकर प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज करने से पुलिस ने इनकार कर दिया।
कंपनी के विपणन अधिकारी आरके मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में कंपनी के नाम पर नकली सीमेंट बेचने की शिकायत मिली थी। इसकी जांच करने के लिए उनकी टीम जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना मिली कि जंघई बाजार की ओर से एक वाहन पर लादकर 250 बोरी सीमेंट सिकरारा थाना क्षेत्र के भुइला गांव में जा रहा है। कंपनी के अधिकारी मछलीशहर नगर से बरईपार जाने वाले मार्ग पर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। जब सीमेंट लदा वाहन पहुंचा तो अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की। फिर पुलिस को सूचना दी। वाहन चालक सीमेंट खरीदने वाले से पुलिस की बात कराई तो उन्होंने निजी उपयोग करने के लिए सीमेंट खरीदने की बात कही। पुलिस ने मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने सीमेंट के खरीददार से सीमेंट में होने वाली किसी भी कमी के लिए कंपनी की जवाबदेही न होने का लिखित प्रमाणपत्र लेकर वाहन जाने दिया।