सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर बरगुदर पुल के पास हुए स्कूल बस और कार की भिड़ंत में कार चालक की मौत हो गई। हादसे में कार सवार बालिका और स्कूल बस में बैठी 11 छात्राएं घायल हो गईं। सभी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार रायबरेली से जौनपुर आ रही थी। हादसे के बाद हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने किसी तरह आवागमन सुचारू कराया।
रायबरेली के जेल रोड स्थित आचार्य द्विवेदी नगर निवासी शिवप्रकाश शर्मा (66) शनिवार को अपनी कार में नतिनी मेधा (9) को साथ लेकर बहू की विदाई कराने जौनपुर जा रहे थे। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर सई नदी पर निर्मित बरगुदर पुल के पास एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के दौरान कार सामने से आ रही यादवगंज स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर इंटर कॉलेज की बस में भिड़ गई। टक्कर इतना जोरदार था कि कार के परखचे उड़ गए। चालक शिवप्रकाश वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव कार में फंस गया। गंभीर रूप से जख्मी बालिका मेधा को किसी तरह ग्रामीणों ने बाहर निकाला। उधर, बस में सवार कॉलेज की छात्रा कोमल (17), रैना (16), काजल यादव (16), रेशमा (15), ममता (17), रूबी (15), अन्नू (17), अंशू (14), प्रतिभा (17), पूजा (14) व रेशमा (16) को भी चोट आई। सभी घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार के बाद मेधा को छोड़कर अन्य सभी को छुट्टी दे दी गई। मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंची बहू करिश्मा की तहरीर पर पुलिस ने स्कूल बस के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। स्कूल बस में सवार छात्राओं को मामूली चोट आई है। उन्हें प्रारंभिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।