फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजन का सबसे ठंडा दिन, पारा छह डिग्री

विज्ञापन
सिपाह में भीषण कोहरे के बीच हेडलाईट जलाकर गुजरते वाहन। - फोटो : JAUNPUR
विज्ञापन
जौनपुर। कुछ दिन पहले तक सूरज की तपिश के कारण सर्दी को लौट चुकी मानने वालों को अचानक से बढ़ी ठंड ने चौंका दिया है। शुक्रवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पिछले पांच वर्षों में 29 जनवरी को कभी भी इतना तापमान नहीं रहा। सर्द हवा और गलन से लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक ऐसी ही ठंड रहने का अंदेशा जताया है।
विज्ञापन

गणतंत्र दिवस के बाद से मौसम लगातार सर्द बना हुआ है। सुबह घना कोहरा और दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल रही थी। बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे ही अच्छी धूप आने से ठंड से काफी राहत महसूस हुई। लोग दिन भर धूप का आनंद उठाते रहे। शुक्रवार को स्थिति उलट रही। पूरे दिन वातावरण में कोहरा और बादल छाए रहे। अपराह्न तीन बजे के बाद हल्की धूप हुई। धूप से राहत की उम्मीद में लोग घरों की छत और आंगन पर पहुंचे, लेकिन बर्फीली हवाओं ने उन्हें वापस घरों में दुबकने को विवश कर दिया। घरों के अंदर महिलाएं, बच्चे रजाई-कंबल में दुबके रहे तो जरूरी कार्यों से बाहर आने वाले पुरुष सदस्य भी स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर से शरीर को पूरी तरह ढंके हुए थे। बाइक से चलने वाले कुछ किमी की दूरी तय करने के बाद रुककर अलाव तापने के बाद ही आगे बढ़ रहे थे। चिकित्सक इस मौसम को सेहत के लिए काफी खतरनाक मान रहे हैं। उनका कहना है कि लौटती ठंड में सावधानी न बरती जाए तो सेहत बिगड़ सकती है।
---
बच्चों को घर से बाहर न निकालें
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश शुक्ल ने बताया कि इस मौसम में बच्चों को ज्यादा खतरा है। उनकी प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। लिहाजा मौसम में उतार-चढ़ाव के साथ वह बीमारी की चपेट में आ जाते हैं। अभिभावक उनका खास ख्याल रखें। बेवजह बाहर न जाने दें। घर में हाथ-पैर व कान ढंके रखें। गर्म व प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पेय पदार्थ उपयोगी होंगे। सेहत में कोई दुष्प्रभाव दिखते ही तत्काल चिकित्सक से सलाह लें।
विज्ञापन

---
पिछले पांच वर्षों में 29 जनवरी का तापमान::
वर्ष: अधिकतम: न्यूनतम
2021: 18 : 06
2020: 23: 12
2019: 20: 07
2018: 23: 09
2017: 23: 09
---
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष जनवरी का अंतिम सप्ताह ज्यादा ठंडा रहा। अगले पांच दिनों तक मौसम ठंडा रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 18 से 21 और न्यूनतम 6-8 डिग्री के बीच बना रहेगा। छह से आठ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। सुबह और रात में धुंध और कोहरा रहने का अनुमान है।
- पंकज जायसवाल, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र बक्शा।
---
आलू, सरसों और सब्जियों को ठंड से बचाएं
कृषि विज्ञान केंद्र के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार बताते हैं कि इस मौसम में आलू व सब्जियों पर झुलसा का प्रकोप बढ़ रहा है। आलू में इससे बचाव के लिए रिडोमिल गोल्ड दो एमएल प्रति लीटर और सरसों में सल्फर दो ग्राम प्रति लीटर का घोल बनाकर छिड़काव करें। टमाटर, मिर्च, बैगन की पत्तियां ठंड से सिकुड़ जा रही है और सूखने लग रही हैं। इससे बचाव के लिए हल्की सिंचाई करें। मैंकोजेब दो ग्राम प्रति लीटर का घोल बनाकर छिड़काव करें। कुछ स्थानों पर गेहूं में गेरुए रोग लग रहा है, जिसमें पत्तियां ऊपर से पीली हो जा रही है। इससे बचाव के लिए प्रोपीकोनाजोल दो एमएल प्रति लीटर का छिड़काव फायदेमंद रहेगा।

शकरमंडी में गलन व ठंड से बचने के लिए अलाव तापते लोग।- फोटो : JAUNPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें