मंगलवार जिले के लिए इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जबकि पिछले दो दिनों से न्यूनतम तापमान आठ डिग्री पर बना हुआ था। ठंड में लोग ठिठुरते रहे। सूर्य का दर्शन दिन भर नहीं हुआ। शीतलहर से जहां लोगों को कंपकपी हो रही है।
लोग घरों से कोहरे व ठंड की वजह से नहीं निकल रहे हैं। वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है और मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ने लगी है। सोमवार की देर रात डीएम ने शहर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईओ को गांठदार लकड़ी का अलाव जलाने का निर्देश दिया। ईओ ने उन्हें बताया कि 244 स्थानों पर अलाव जल रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि खुद डीएम को भी यह अलाव जगह-जगह नहीं दिखा।
जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी ने सोमवार रात्रि 9 बजे से नगर में भ्रमणकर अलाव जलने की स्थिति का हाल जाना तथा गरीब, असहाय बुजूर्ग व्यक्तियों को कंबल वितरण किया। रोडवेज में बने रैन बसेरा में जाकर वहां की स्थिति का जायजा लिया। इसके पश्चात् जिला अस्पताल में अलाव जलने की स्थिति का हाल जाना। जिला अस्पताल में 24 घंटे अलाव जलाने का निर्देश दिया।
भ्रमण के दौरान कोतवाली चौराहा पर ठंड से ठिठुर रहे बुजूर्ग को देखते ही गाड़ी को रोका और उसे कंबल ओढ़ाया। ओलन्दगंज, पालिटेक्निक, सिटी स्टेशन पर गरीब, असहाय व्यक्तियों को कंबल वितरित किया। जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका को सचेत किया है कि नगर में मानक के अनुसार लकड़ी भेजी जाय। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रभूषण वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर प्रियंका प्रियदर्शी, तहसीलदार आशाराम वर्मा आदि रहे।
, ईओ नगर पालिका कृष्ण चन्द्र आदि उपस्थित रहे।