मुंगराबादशाहपुर/मड़ियाहूं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जमीन विवाद को लेकर मारपीट में 16 लोग घायल हुए। सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
फत्तूपुर कला गांव में रमेश सरोज और गायत्री गौतम के बीच काफी समय से जमीन का विवाद चल रहा है। मंगलवार को भूमि की नापी होनी थी, इससे पहले ही दोनों पक्ष छप्पर रखने को लेकर आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों से जमकर लाठियां चलीं। इसमें एक पक्ष के रमेश सरोज (30), अंजू (25), अरविंद (20), अंकित (16), राकेश (28), संगीता (15) को चोट आई। वहीं दूसरे पक्ष के गायत्री गौतम (50), दयाशंकर (35), राकेश गौतम (30), शिवाकांत गौतम (20), प्रदीप गौतम (18) घायल हुए। आसपास के लोगों ने सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। इस बाबत थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि दोनों तरफ से तहरीर मिली है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, मड़ियाहूं के जयरामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट में एक पक्ष से श्याम जीत राजभर, विशाल राजभर, संगीता और दूसरे पक्ष से सीता रानी, आकाश राजभर घायल हुए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।