करंजाकला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संकाय परीक्षा केंद्र पर कक्ष निरीक्षकों ने एक सड़क हादसे में घायल एमबीए छात्र का प्रश्न पत्र ही बदल दिया। परीक्षार्थी द्वारा बार-बार जानकारी देने के बाद भी सुधार नहीं किया गया। अंत में कहा गया कि मूल्यांकन के दौरान परीक्षकों से नंबर दिला दिया जाएगा। इस बारे में बाहर किसी से कहने की जरूरत नहीं है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में संचालित परीक्षा में मंगलवार को एमबीए प्रथम सेमेस्टर का छात्र सऊद शाह प्रबंध अध्ययन संकाय के परीक्षा केंद्र पर मैनेजरियल इकोनॉमिक्स पेपर की परीक्षा देने के लिए पहुंचा, जो विगत दिनों सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। जिसका पैर व शोल्डर फ्रेक्चर है। इसे विश्वविद्यालय द्वारा भूतल पर ही परीक्षा देने की अनुमति दी गई है। सऊद शाह को एमबीए की मैनेजरियल इकोनॉमिक्स की जगह एमबीए (बिजनेस इकोनॉमिक्स) का एककॉउंटिंग एंड फाइनेंसियल एनालिसिस का पेपर थमा दिया गया। बिना किसी के सहारे सऊद शाह को चलने व उठने-बैठने में दिक्कत है। उसने दो-तीन बार कक्ष निरीक्षकों से दूसरा पेपर व कोड होने की बात बताई और पेपर बदलने को कहा लेकिन उसे बदल कर दूसरा पेपर नहीं दिया गया। बल्कि यह कहा गया कि जो पेपर मिला है लिख डालो नंबर मिल जाएगा। परीक्षा सम्पन्न होने के बाद मामले से विभाग के शिक्षकों व केंद्राध्यक्ष को अवगत भी कराया। इस तरह की गड़बडि़यां पहले भी हो चुकी हैं, जिसे जिम्मेदार लोगों द्वारा दबा दिया गया है। केंद्राध्यक्ष डॉ. रसिकेश ने मामले से अनभिज्ञता जताते हुए जांच की बात कही है। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह और सहायक कुलसचिव परीक्षा अमृतलाल से बातचीत नहीं हो पाई है।