थाना क्षेत्र के सवंशा में स्थित एक ढाबे पर खड़े ट्रक से चोरों ने ढाई लाख का रिफाइंड तेल रविवार की रात में चुरा लिया। सुबह जानकारी होने पर चालक एफआईआर दर्ज कराने थाने पहुंचा तो एसओ ने उसी की लापरवाही बताकर फटकार लगाते हुए भगा दिया।
ट्रक चालक ने अपने मालिक के माध्यम से आजमगढ़ के एक मंत्री से एसओ को फोन कराया। एसओ ने ट्रक चालक को थाने भेजने के लिए कहा लेकिन जब चालक दोबारा थाने पहुंचा तो उसे गालियां सुननी पड़ीं।
इसके बाद ट्रक चालक रोने लगा। लेकिन एसओ को कोई फर्क नहीं पड़ा। फैजाबाद के रुधौली गांव निवासी फूलचंद्र कश्यप अहमदाबाद से 1440 टीन रिफाइन ट्रक में लादकर बलिया जा रहा था।
रविवार की रात में बक्शा थाना क्षेत्र के सवंशा के पास स्थित एक ढाबा पर खाना खाने के बाद चालक और खलासी दोनों सो गए। सुबह सोकर उठे तो देखा ट्रक के पीछे से तीरपाल काटकर डेढ़ सौ टीन रिफाइंड तेल पार कर दिया गया
था। चोरी गए रिफाइंड की कीमत ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में बक्शा थानाध्यक्ष केके चौबे का कहना है कि चोरी नहीं हुई है। चालक बीमा का लाभ लेना चाहता है। सीओ की मौजूदगी में थाने पर आया था।
उसके साथ कोई बदसलूकी नहीं की गई है। अलबत्ता उसने कुछ लोगों से फोन कराकर दबाव जरूर डलवाया।