धर्मापुर। जौनपुर-शाहगंज हाईवे स्थित लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर फायर स्टेशन के सामने कार चालक की पिटाई के मामले में बुधवार को तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बीते सोमवार की रात दो बाइक पर सवार छह बदमाशों ने एक कार चालक को ओवरटेक कर रोका और उसकी हाॅकी-डंडे से पिटाई की। उसकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। सीओ सिटी देवेश सिंह ने बताया कि लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पचहटिया निवासी दानवीर यादव (25) बीते सोमवार की रात एजेंसी से अपनी कार का काम करवाकर घर लौट रहे थे। कार जौनपुर-शाहगंज हाईवे पर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर फायर स्टेशन के पास पहुंची तो पीछे से दो बाइक पर सवार छह लोग आ गए। बाइक सवार बदमाशों ने कार के गेट के शीशे पर मारकर कार रोकवा ली। उसके बाद कार चालक दानवीर को बाहर खींचकर उसे हॉकी-डंडे से पीटा। घटना की सूचना पर मौके पर डायल 112 पुलिस और पुलिस चौकी चौकियां की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल कार चालक के भाई सत्य प्रकाश यादव भी कुछ लोगों के साथ आ गए। सभी लोग घायल कार चालक दानवीर को जिला अस्पताल लेकर गए। उन्होंने बताया कि घटना के दो दिन बाद बुधवार को घायल कार चालक के भाई सत्य प्रकाश यादव की तहरीर पर रशीदाबाद निवासी शमीम, धन्नेपुर निवासी सौरभ कुमार, अंकित और तीन अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया।