बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऊदपुरगेल्हवा में बृहस्पतिवार को देररात रामलीला मंच पर चढ़कर तोड़फोड़ करने तथा पात्रों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने आठ नामजद और चार अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। निर्माणाधीन बस अड्डे के पास से शुक्रवार की रात आठों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गांव निवासी प्रवीण यादव ने कोतवाली में तहरीर दी है कि घटना के दो दिन पूर्व बच्चों में कहासुनी हुई थी। बृहस्पतिवार को गांव का मेला लगा था। बच्चों के विवाद को लेकर गांव के ही शनि सरोज, नागेंद्र गौतम उने न्हें जान से मारने की नीयत से गमछे से गला कसने लगे। जान बचाकर किसी तरह गमछा छुड़ाकर भागा तो आरोपियों के साथ कुछ और लोग उन्हें घेरकर गाली देते हुए जान से मारने की नियत से सिर पर लाठी डंडा तथा धारदार हथियार से मारने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने मंच पर चढ़कर रामलीला का सामान, कुर्सी मेज तथा पर्दा आदि तोड़फोड़ दिया। थानाध्यक्ष संतोष पाठक ने बताया कि शनि सरोज, प्रवीण गौतम, अजय गौतम, दिनेश गौतम निवासी ऊदपुर गेल्हवा, नागेंद्र गौतम, सुनील गौतम, लवकुश गौतम, सोनू सिद्धार्थ निवासी सरोखनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। चार अज्ञात की तलाश की जा रही है।