जलालपुर के त्रिलोचन महादेव मंदिर में क्षतिग्रस्त नई कार। संवाद
- फोटो : गुरुगुज पुरवा गांव के पास प्रदर्शन करते ग्रामीण।
जलालपुर । ऐतिहासिक त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर में सोमवार की सुबह साढ़े 10 बजे नई कार लेकर दर्शन करने आए युवक ने घबराहट में ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। इससे अनियंत्रित कार ने नौ लोगों को रौंद दिया। हादसे में प्रमोद सरोज व अरविंद राजभर निवासी कोडरी को गंभीर चोटें आई। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शिवम उपाध्याय वाराणसी, अंजली फूलपुर, लक्ष्मी रामपुर, वंदना रेहटी, राज शर्मा सभी निवासी जौनपुर, कांति रेहटी व बेबी सिंह निवासी प्रधानपुर को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। भीड़ ने कार चालक की जमकर पिटाई की। कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रेहटी तुल्लापुर निवासी आदित्य विश्वकर्मा ने चार दिन पहले नई कार खरीदी थी। वह उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में संविदा कर्मचारी है। सुबह वह कार में अपनी दो भतीजी को बैठाकर दर्शन करने आया था। मंदिर परिसर में पहुंचते ही एक महिला कार की चपेट में आ गई। शोर सुनकर आदित्य घबरा गया और उसने ब्रेक की जगह एक्सीलरेटर दबा दिया। इसके बाद बेकाबू कार रास्ते में आए बाइक सवारों और पैदल यात्रियों को कुचलती हुई आगे बढ़ गई। हादसे के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। घटना से नाराज भीड़ ने कार को घेर लिया और चालक को बाहर निकालकर पिटाई शुरू कर दी। कुछ लोगों ने पत्थरों और डंडों से कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिस ने चालक को भीड़ से छुड़ाया और सुरक्षित थाने पहुंचाया। कार में बैठी दो मासूम बच्चियों को भी लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला, जो घटना से सहमी हुई थीं।
छुट्टी पर आया सिपाही घायल
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि घायल अरविंद राजभर गोरखपुर में पुलिस विभाग में तैनात हैं। वह तीन दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे।
मंदिर प्रशासन और सुरक्षा पर सवाल
सोमवार के दिन त्रिलोचन महादेव मंदिर में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में परिसर के भीतर तक चार पहिया वाहनों का प्रवेश और चालक की लापरवाही ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज चल रहा है। - कुंवर अनुपम सिंह, एसपी।