जौनपुर। जौनपुर डिपो से मडियाहूं, कठिराव रामपुर जाने वाले यात्रियों को अब सहूलित मिलेगी। इसके लिए इस मार्ग पर रोडवेज बस सेवा शुरू करने के लिए ट्रायल शुरू कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को डिपो से बसें ट्रायल के लिए रवाना हुईं। ये बस जौनपुर डिपो से मड़ियाहूं, जयरामपुर, कठिराव, रामपुर, पिंडरा होते हुए वाराणसी तक संचालित होगी। यात्रियों की संख्या अधिक होने पर बस नियमित कर दी जाएगी।
जौनपुर डिपो से प्रतिदिन 76 रोडवेज बसें विभिन्न मार्गों पर चलती हैं। बीते दिनों परिवहन निगम की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में बसें चलाने के लिए सर्वे कराया गया। जिसमें दो मार्गों पर और बस संचालन के लिए निर्णय लिया गया, जिसमें जौनपुर डिपो से गाजीपुर के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। अब जौनपुर डिपो से मड़ियाहूं, जयरामपुर, कठिराव, रामपुर, पिंडरा होते हुए वाराणसी तक रोडवेज बस का संचालन शुरू करा दिया गया है। अभी ट्रायल शुरू किया गया है। दो दिन बाद समयसारिणी नियमित कर दी जाएगी। अब तक लोग डग्गामार का सहारा लेते थे।
एआरएम रमेशचंद्र सिंह ने बताया कि जौनपुर डिपो से मड़ियाहूं, जयरामपुर, कठिराव, रामपुर, पिंडरा होते हुए वाराणसी तक संचालन के लिए ट्रायल शुरू कर दिया गया है।