रायल्टी न जमा करने पर नष्ट कराई जा रही कच्ची ईंट।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। रायल्टी न जमा करने वाले ईंट भट्ठा मालिकों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया गया है। बुधवार को सदर तहसील क्षेत्र के नौ ईंट भठ्ठों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब दो लाख कच्ची-पक्की ईंटों को बुलडोजर से नष्ट करवा दिया गया है। साथ ही साथी ही विधिक कार्रवाई की भी कवायद शुरू कर दी गई है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल और जिला खनन अधिकारी विनीत सिंह की अगुवाई में राजस्व, पुलिस और खनन विभाग की टीम कार्रवाई के लिए बुधवार को निकली। टीम ने रायल्टी न जमा करके अवैध तरीके से संचालित किए जा रहे नौ ईंट भट्ठों पर कार्रवाई की। इसमें निर्मल भारत ईंट उद्योग कलवारी, अरुण कुमार सिंह ईंट उद्योग, सुशील ईंट भट्ठा, सीठापुर, आनंद ईंट उद्योग रामपुर, बाबा ईंट उद्योग रामपुर, रघुराज ईंट उद्योग देऊपुर, लल्ला ईंट उद्योग रीठी, शिव शंकर उद्योग रीढ़ी, खुशहाल सिंह सिंह ईंट भठ्ठा शामिल रहा। जहां बुलडोजर से कच्ची और पक्की ईंटों को नष्ट करा दिया गया। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई रोस्टवार जारी रहेगी। अब रायल्टी न जमा करने वाले जिन ईंट भट्ठा मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।