लेक्ट्रेट में नामांकन कर वापस आते बसपा प्रत्याशी जेपी दूबे।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का खाता खुला। बसपा प्रत्याशी के रुप में जयप्रकाश दुबे ने इस सीट पर पहला नामांकन किया। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर सदर एसडीएम नीतिश कुमार के समक्ष तीन सेट में नामांकन पत्र जमा किया। बसपा प्रत्याशी ने खुद को सबसे सशक्त उम्मीदवार बताते हुए सर्वसमाज का साथ लेकर चुनाव में जीत का दावा भी किया।
नामांकन की प्रक्रिया नौ अक्तूबर से ही शुरू हो गई थी। पहले दिन 16 उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म खरीदा था। इसके बाद दो दिनों तक अवकाश रहा। सोमवार को बसपा प्रत्याशी के नामांकन की खबर मिलने के बाद से ही पुलिस-प्रशासन के लोग चौकन्ने थे। कलेक्ट्रेट को जाने वाले सभी मार्ग को बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया था। अपराह्न सवा दो बजे बसपा प्रत्याशी जयप्रकाश दुबे अपने अधिवक्ता, प्रस्तावक और कुछ समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां गेट पर चेकिंग व थर्मल स्क्रीनिंग के बाद प्रत्याशी और दो प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। अपराह्न करीब ढाई बजे उन्होंने दो सेट में अपना नामांकन पत्र जमा किया। नामांकन कर बाहर आय जयप्रकाश दुबे ने कहा कि मल्हनी क्षेत्र वर्षों से उपेक्षित रहा है। चुनाव जीतने वाले हमेशा से इस क्षेत्र की उपेक्षा करते रहे। आम धारणा रही है कि मल्हनी का चुनाव दो धाराओं के बीच रहता है, इस बार चुनाव में इसी धारणा को बदलने के लिए उतरे हैं। मल्हनी की जनता उनके साथ है। इसके पूर्व शंभूगंज में चुनाव कार्यालय का भी शुभारंभ हुआ। नामांकन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली, पूर्व कैबिनेट मंत्री नकुल दुबे, मल्हनी प्रभारी महेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक राम शिरोमणि शुक्ला, मंडल कोऑर्डिनेटर इंदर राम, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार गौतम, अमरजीत गौतम, मिर्जा जावेद सुल्तान, सलीम खान आदि मौजूद रहे।
करोड़पति जयप्रकाश पर नहीं है कोई केस
- छह बैंक खाताओं में जमा हैं 26 लाख, 20 ग्राम सोना भी
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। बसपा प्रत्याशी जयप्रकाश दुबे करोड़पति हैं। उनके पास 50 हजार रुपये नकदी हैं तो छह अलग-अलग बैंक खातों में 26 लाख रुपये जमा हैं। 16 लाख की विभिन्न पॉलिसियां भी उनके नाम हैं। फार्च्यूनर व स्कार्पियो के मालिक जयप्रकाश के पास 4.11 करोड़ की कृषि और करीब डेढ़ करोड़ की गैर कृषि भूमि है। प्रयागराज के शहा उर्फ पीपलगांव में 18 लाख रुपये का मकान भी है। स्नातकोत्तर तक शिक्षा हासिल करने वाले 53 वर्षीय जयप्रकाश के पास 20 ग्राम सोना भी है। उनकी पत्नी मीरा देवी भी लखपति हैं। उनके पास 20 हजार रुपये नकदी, तीस हजार रुपये बैंक खाते में और 1.75 लाख रुपये की पॉलिसी है। 60 ग्राम सोना और 100 ग्राम चांदी का आभूषण भी उनके पास है। करीब 25 लाख रुपये की भूमि की भी वह मालिकिन हैं।