जौनपुर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला जज और जनपद पुलिस के ऑफिशियल ई-मेल पर धमकी भरा मैसेज आया। मेल के जरिये दीवानी न्यायालय और पुलिस लाइन के गेट नंबर एक को बम से उड़ाने की बात कही गई है। मेल आने के बाद सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग अलर्ट हो गया। दीवानी न्यायालय परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया और मौके पर छानबीन की गई। वहीं पुलिस लाइन में भी गहनता से जांच की गई।
मेल पर भेजे गए संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक-एक लाख रुपये पांच मोबाइल नंबरों पर भिजवाने की मांग की गई है। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो 17 फरवरी को 1:00 से 2:00 बजे के बीच दीवानी न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन के गेट नंबर एक को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिन पांच व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों का उल्लेख किया गया है, वे भी ई-मेल में शामिल हैं।