01- पॉलिटेक्निक चौराहे स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के गेट पर एक दूसरे से चिपककर खड़े उपभोक्ता उडी सामाजिक
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। जिले में कोरोना संक्रमण के हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। लगातार नए मरीज मिलने से जहां एक तरफ दहशत बना हुआ है, वहीं कामकाज भी बाधित हो रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में नए मरीज चिह्नित हुए। शाहगंज और जलालपुर में कई बैंक कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद शाखाओं को दोपहर में ही बंद कर दिया गया। मुंगराबादशाहपुर में भी दर्जनों नए मरीज मिले। रैपिड एंटीजन किट की जांच के बाद आई रिपोर्ट से लोग सकते में रहे। ज्यादातर मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
कोरोना के ज्यादा से ज्यादा मामलों की पहचान कर उन्हें निगरानी में लेने के लिए जिले में रैपिड एंटीजन किट से सभी ब्लाक सीएचसी-पीएचसी, जिला अस्पताल व मोबाइल टीम के माध्यम से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेकर जांच को लैब में भेज रही है। यूबीआई जलालपुर के अधिकारी और पुरेव शाखा के चार कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजिटिव आई। सूचना मिलते ही दोपहर करीब 12 बजे बैंक में मौजूद ग्राहकों को बाहर कर अंदर से ताला बंद कर दिया गया। कर्मचारियों के संक्रमित होने की जानकारी होने के बाद बैंकिंग काम कराने गए ग्राहकों और पूर्व में बैंक में आने वाले ग्राहक काफी भयभीत हैं। शाहगंज में मंगलवार को आई रिपोर्ट मेंनगर व ग्रामीण इलाकों में कुल 30 लोग संक्रमित पाए गए। बैंक आफ बड़ौदा (बॉब) की स्थानीय शाखा में प्रबंधक, दो कैशियर, दो लिपिक, फील्ड आफिसर व बैंक के बगल स्थित एटीएम के दो गार्ड के पॉजिटिव मिलने के बाद शाखा को बंद कर दिया गया। हुसैनगंज मुख्य मार्ग पर व्यवसाई के परिवार के चार लोग, एराकियाना मोहल्ला के सात व पुराना चौक मोहल्ले के सात संक्रमित पाए गए। ग्रामीण इलाकों में कौड़ियां और सुरिस गांव के दो-दो लोग संक्रमित मिले हैं। मुंगराबादशाहपुर नगर में चार दिनों तक अलग-अलग मोहल्लों में कैंप लगाकर लोगों की जांच कर सैंपल लिए गए थे। इसमें एक परिवार के सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। नगर के ही कई अन्य लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि सभी कोरोना पॉजिटिव लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। मुफ्तीगंज ब्लाक के कुंडी गांव में दो मरीज मिले। रामपुर सीएचसी पर एंटीजन किट से जांच में प्रधान व उनके भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रभारी डॉ. प्रभात कुमार यादव ने बताया कि पट्टी जियाराय में एक परिवार के पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। धर्मापुर ब्लॉक के सरैया गांव में मंगलवार को 113 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। सीएचसी चोरसंड प्रभारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि किशोरी पॉजिटिव मिली है। उसे एल-1 अस्पताल भेजा गया है। बक्शा सीएचसी पर मंगलवार को 31 लोगों की जांच की गई। जांच में एक दंपती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह सुल्तानपुर गांव के निवासी हैं। खुटहन यूबीआई शाखा गभिरन के सहायक मैनेजर और उनकी पत्नी, चकफतेहपुर गांव में चार वर्षीय मासूम, उसकी मां, दादा-दादी संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा पट्टीनरेंद्रपुर गांव, पटैला और पनौली गांव में एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।