खेतासराय। क्षेत्र के खुदौली स्थित वन विहार पार्क में अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड दिवस पर वन विभाग की ओर से विश्व आर्द्रभूमि दिवस मनाया गया। इस मौके पर विभाग ने जागरूकता गोष्ठी के जरिए छात्रों को गुजरताल पर चिड़ियों के बारे में बताया। जागरूकता गोष्ठी में चंद्रा पैराडाइज कालेज के प्रधानाचार्य चंद्रेश यादव ने कहा कि विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर हमें जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
बढ़ते हुए शहरीकरण के चलते जल स्रोत और पर्यावरण दूषित हो रहा है। वन क्षेत्राधिकारी शाहगंज चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए जन जागरूकता बहुत जरूरी है। संचालन महेंद्र देव विक्रम ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद यादव, गौतम प्रसाद चतुर्वेदी, जय हिंद यादव, श्रवण कुमार गोरखनाथ आदि उपस्थित रहे। गोष्ठी के बाद छात्रों के बीच चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध प्रतियोगिता में आयुष यादव को प्रथम, प्रिया उपाध्याय को द्वितीय और अंकित को तृतीय तथा चित्रकला में शिवांगी को प्रथम, रूपम को द्वितीय तथा पलक को तृतीय स्थान मिला।