बक्शा। वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज बाजार के निकट बृहस्पतिवार को दोपहर पीछे से आ रहे टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका नाबालिग भतीजा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने चालक समेत टैंकर को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रामपुर थाना क्षेत्र के दामोदरा गांव निवासी विनोद सिंह बबलू (43) अपनी बहन के घर प्रतापगढ़ गए थे। उनके साथ में उनका भतीजा गोपी सिंह (15) भी था। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। दोपहर में अलीगंज बाजार में ढाबे के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे टैंकर की चपेट में आ गए। टैंकर से धक्का लगते ही बाइक के पीछे बैठा गोपी बायीं तरफ गिर पड़ा जबकि बाइक चला रहे विनोद सिंह सड़क पर दाहिनी तरफ गिर पड़े और टैंकर उनके ऊपर से गुजर गया। एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने विनोद को मृत घोषित कर दिया।