नेवढ़िया। थाना क्षेत्र के नोनारी गांव में सात दिन पूर्व मारपीट में घायल युवक ने बृहस्पतिवार को वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस हरकत में आ गई। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
नोनारी गांव निवासी विकास गौतम 27 नवंबर को गांव में ही आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। भोजन करने के लिए परिजन जब विकास की खोजबीन करने लगे तो वह अधमरे हाल में घर से करीब 500 मीटर दूर बगीचे में पड़ा मिला। आननफानन उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख बीएचयू रेफर कर दिया गया। बीएचयू के ट्रामा सेंटर में उपचार की दौरान बृहस्पतिवार को विकास की मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता रघुनाथ गौतम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज छानबीन में जुट गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया संजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।