गौराबादशाहपुर क्षेत्र के प्रसाद तिराहे पर दुर्घटनाग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को हुए सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं कार सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सपरतहां थाना क्षेत्र के अरसिया मोड़ के समीप लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बुधवार की रात बेेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार संजय बिंद (32) की मौत हो गई। संजय अपनी ससुराल बुमकहा जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। उधर, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर बुधवार की रात जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही कार तेज रफ्तार ट्रक में टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। चालक आकाश चौहान (26) और कार सवार अजीत (32) निवासी गोरखपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल भेजवाया। एसओ रामप्रवेश कुशवाहा ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में ले लिया। बताया कि कार के अंदर से शराब की दो खाली बोतल भी मिली है।