केराकत। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदयचंदपुर के पास बुधवार की दोपहर बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने थानागद्दी चौकी के सामने ट्रक खड़ाकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत बरेंदा गांव निवासी राहुल गुप्ता (35) बाइक से केराकत की ओर जा रहा था। उदयचंदपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी। लोगों का गुस्सा देखते हुए चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। कुछ दूरी पर स्थित थानागद्दी चौकी में जाकर समर्पण कर दिया। केराकत कोतवाली पुलिस ने युवक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।