जौनपुर। जिले के बैंक ग्राहकों को लोन देने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जमा धनराशि के सापेक्ष अभी तक 40 फीसद ही ऋण दिया गया। हालांकि पिछले वित्तीय वर्ष की स्थिति में मात्र चार फीसद की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में सीडी रेशियो में सुधार की जरूरत है। इस साल पांच लाख से अधिक उपभोक्ताओं में नौ हजार 329 करोड़ का ऋण वितरित किया गया है। नियमत: बैंकों का एक अच्छा सीडी रेसियो 60 फीसद से ऊपर होना चाहिए।जिले के विकास के लिए जिला प्रशासन व एलडीएम स्तर से प्रतिवर्ष डीएलसीसी की बैठक की जाती है। इसमें सभी बैंकों के लिए वार्षिक ऋण प्लान तैयार किया जाता है। इसके लक्ष्य के सापेक्ष सालभर में उन बैंक शाखाओं को उसी हिसाब से ऋण वितरित करना होता है। जिसमें प्रमुख रूप से उद्योग, लघु उद्योग, व्यवसाय, शिक्षा, गाड़ी, मकान आदि के लिए लोन दिया जाता है। जिले में राष्ट्रीयकृत व प्राइवेट मिलाकर कुल 26 बैंक हैं। इसमें कुल 350 से अधिक शाखाएं हैं इसमें अकेले यूबीआई की ही 103 शाखा हैं। जिले के बैंकों में खाता धारकों की संख्या करीब 50 लाख होगी, जिसमें ग्राहकों का कुल 23 हजार 324 करोड़ 625 लाख रुपये मूल धनराशि जमा है। इसके सापेक्ष अभी तक पांच लाख 25 हजार 726 उपभोक्ताओं में 9 हजार 329 करोड़ 85 लाख रुपये ऋण वितरित किया गया है। अभी तक यह कुल जमा धनराशि के सापेक्ष 40 फीसदी ऋण दिया गया। पिछले साल वर्ष 2023-24 में जिले का सीडी रेशियो 36 फीसद था।
.....................................................
इन क्षेत्रों में इतना दिया ऋण :-
- कृषि क्षेत्र में तीन लाख 5 हजार 385 उपभोक्ताओं में 3352.22 करोड़ का ऋण दिया गया।
- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र में 60 हजार 667 उपभोक्ताओं में 2121.11 करोड़ का ऋण दिया गया।
- प्राथमिकता क्षेत्र वाले उद्यम, शिक्षा, कृषि, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, आवास एवं आर्थिक रूप से कमजोर तबका जैसे अल्पसंख्यक क्षेत्र में चार लाख एक हजार 757 उपभोक्ताओं में 5918.15 करोड़ ऋण दिया गया।
- गैर प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र वाले खाद्य ऋण, खुदरा ऋण व सेवाओं से संबंधित सभी ऋण में एक लाख 23 हजार 969 उपभोक्ताओं में 3411.7 करोड़ का ऋण दिया गया।
ये होता है सीडी रेशियो :-बैंकों में जितना पैसा जमा किया जाता है, उसके सापेक्ष कितना पैसा बैंक लोन के रूप में बांट रहे हैं। इसी अनुपात को सीडी रेशियो कहा जाता है।
सभी बैंकों को बेहतर ऋण देने के लिए कहा गया है। जिले में सभी बैंकों का कुल जमा ऋण अनुपात यानि सीडी रेशियो 40 फीसदी है। पहले इसका आंकड़ा 36 फीसद था। इसमें और सुधार की आवश्यकता है। एक फीसदी बढ़ने पर जिले में करीब 200 करोड़ से ऊपर का ऋण देना पड़ेगा। यह उद्योग में ही संभव है। खराब प्रदर्शन करने वाले बैंक व उनके शाखा प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- डॉ.दिनेशचंद्र, जिलाधिकारी।