बदलापुर कस्बा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीकृष्ण नगर परिसर में मंगलवार को पोषण अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों को अन्न प्राशन कराकर सुपोषण का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि गंगा प्रसाद सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। इसी में एक सुपोषण माह है। इसके तहत गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाने के लिए संतुलित आहार लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यदि गर्भवती महिलाएं संतुलित आहार का सेवन करेंगी तो उनसे जन्म लेने वाला बच्चा कुपोषण का शिकार नहीं होगा। इस दौरान नौ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, नौ बच्चों का अन्न प्राशन तथा सात किशोरियों को किशोरी पोटली दी गई। प्रभारी सीडीपीओ सुनीता रावत ने कहा कि हम संतुलित भोजन करेंगे तभी स्वस्थ रहेंगे। देश के विकास के लिए यह आवश्यक है। संचालन उमेश चंद्र दूबे ने किया। इस अवसर पर एडीओ राजबहादुर यादव, सुधीर सिंह, आशा मिश्र, उमावती सिंह, कलावती देवी आदि मौजूद रहीं।