जिले में 60 लाख रुपये मीरगंज और त्रिलोचन के धरांव में आयुर्वेदिक चिकित्सालय भवन बनेंगे। शीघ्र काम शुरू होगा। अस्पताल के लिए दोनों स्थानों पर राजस्व विभाग ने भूमि चिह्नित कर ली है। विभाग की ओर से बजट स्वीकृति होने के बाद धन जारी हो गया है।
जिला आयुष मिशन की ओर से संचालित कई आयुर्वेदिक चिकित्सालय पीएचसी, सीएचसी व दान स्वरूप निजी भवनों में संचालित हैं। जहां चिकित्सकों व कर्मियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विभाग की ओर नए आयुर्वेदिक चिकित्सालयों को नए भवन में संचालित करने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है।
नए भवनों में चिकित्सक, फार्मासिस्ट आदि के तीन-तीन कक्ष बनेंगे। एक-एक हॉल, प्रसाधन व चारदीवारी आदि का भी निर्माण किया जाएगा। नया भवन बनने के बाद मरीजों के साथ चिकित्सकों व कर्मियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के मीरगंज और धरांव में आयुर्वेदिक अस्पताल बनने से एक लाख की आबादी को लाभ होगा।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार एक अस्पताल में प्रतिदिन की औसतन ओपीडी में करीब 25 से 30 मरीज पहुंचते हैं।