जौनपुर। प्रदेश की राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के निर्देशानुसार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर 23 जनवरी को पढ़े जौनपुर कार्यक्रम का आयोजन होगा। विवि समेत अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थी अपनी मनपसंद पुस्तक पढ़ेंगे। विश्वविद्यालय के विवेकानंद केंद्रीय पुस्तकालय में बुधवार कोपढ़े जौनपुर कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल ने विश्वविद्यालय से संबद्ध जिले के महाविद्यालयों सहित प्राथमिक से लेकर सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रबंधकों औरप्राचार्यों को पढ़े जौनपुर कार्यक्रम के लिए पत्र भेजा है। नोडल अधिकारी प्रो.अविनाश पाथर्डीकर ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे से 11.45 बजे तक होगा। इसमें जिले के सभी स्कूल, कॉलेज के बच्चे और शिक्षक अपनी रुचि के अनुसार कोई भी पुस्तक लाकर एक साथ कक्षा, पुस्तकालय या किसी अन्य स्थान पर पढ़ना है। इस दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल, लैपटाप का प्रयोग वर्जित रहेगा। उधर, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा के विद्यालयों में भी इसे लेकर निर्देश दिए गए हैं। प्रभारी डीआईओएस व बीएसए डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी विद्यालयों को इस कार्यक्रम में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के तहत शिक्षक-बच्चे और कर्मचारी तय समयावधि में कोई न कोई पुस्तक जरूर पढ़ेंगे।