लोहा मंडी स्थित रामजानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की तीन कीमती मूर्तियों को पुलिस ने मंगलवार को बरामद कर लिया। इस मामले में दो चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया है।
19 दिसंबर को चोर रामजानकी मंदिर से भगवान राम, लक्ष्मण, लड्डू गोपाल (कृष्ण) की मूर्ति चुरा ले गए थे। मंगलवार की शाम बेचने के लिए मूर्ति को आजमगढ़ के मार्टीनगंज ले जा रहे थे
कि मुंगरा बादशाहपुर खुटहन रोड तिराहे के पास पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में एक ने अपने को खेतासराय के पारा कमाल निवासी तालिब और दूसरे ने जंघईरोड मुंगराबादशाह निवासी शिवकुमार करियऊ बताया।
पुलिस ने इनके कब्जे से मूर्ति के साथ ही एक स्कार्पियो भी बरामद की। सीओ मायाराम वर्मा ने बताया कि इसके पूर्व भी इन्होंने 26 अक्तूबर को लक्ष्मण जी की मूर्ति इसी मंदिर से चुराई थी।
उस दौरान घटना में पांच लोग शामिल थे। अन्य चोरों की तलाश की जा रही है।