जौनपुर। पूर्वांचल विवि में सत्र 2020-21 की मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्य परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन की तिथि इस सप्ताह तय हो जाएगी। विवि से संबद्ध पांच जिलों के करीब 850 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे।
विवि से आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, जौनपुर और प्रयागराज के महाविद्यालय संबद्ध है। सत्र 2018 की मुख्य परीक्षा पर नजर डालें तो परीक्षा में 5 लाख 36 हजार 668 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इसमें 221254 छात्र और 314700 छात्राएं थीं। सत्र 2019 में पांच जिलों के 698 महाविद्यालयों के कुल 4.85 लाख परीक्षा में शामिल हुए थे। चालू सत्र की परीक्षा कराने के लिए विवि प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दिया है। कोविड-19 संक्रमण के बीच शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मंथन भी चल रहा है। परीक्षा समय से कराने के साथ रिजल्ट समय से घोषित करना विवि की प्राथमिकता होगी। ऐसे महाविद्यालय जिनकी संबद्धता समाप्त हो चुकी है, वह फाइल लेकर विवि का चक्कर लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि 15 दिसंबर तक परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह का कहना है कि परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। कुलपति की अध्यक्षता में शीघ्र ही बैठक कर परीक्षा के लिए आवेदन जमा करने का कार्य शुरू हो जाएगा।
कोर्स में कटौती कर सकता है विवि
जौनपुर। कोरोना काल में लंबे समय तक शिक्षण संस्थान बंद रहने से पठन-पाठन की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। आनलाइन पढ़ाई भी कारगर नहीं रही। अब इसे पटरी पर लाते हुए से समय से परीक्षा कराना और रिजल्ट देना विवि प्रशासन के लिए किसी चुनौती होगी। विवि सूत्रों की मानें तो इस चुनौती से निपटने के लिए विवि कोर्स कम करने की तैयारी में जुटा है। इस वर्ष में सभी पाठ्यक्रमों में कटौती कर उसे आगामी सत्र में शामिल किया जा सकता है। यूपी बोर्ड ने भी इस प्रक्रिया को अपनाया है। लिहाजा अब विवि भी समय से परीक्षा कर रिजल्ट जारी करने के लिए कोर्स कम करने की कवायद में है। हालांकि विवि प्रशासन इस बारे में कोई भी फैसला लेने से पहले शासन के निर्देश का इंतजार कर रहा है।