निगोह। बरसठी थाना क्षेत्र के गीलाई गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे दयाशंकर तिवारी की लगी मूर्ति को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार की सुबह उनकी मूर्ति से सिर अलग देख लोग आक्रोशित हो गए।
गहलाई गांव में बंधवा जमालापुर मार्ग पर सड़क किनारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित दयाशंकर तिवारी की प्रतिमा उनके पुत्रों द्वारा 11 अप्रैल वर्ष 2004 में लगवाई गई थी। मंगलवार की रात को किसी अराजकतत्व ने मूर्ति को तोड़ दिया। सुबह मूर्ति का सिर अलग देख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन और गांव के काफी संख्या में लोग जुट गए। इस घटना से ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो गए। सूचना पर पर पहुंचे एसडीएम मडि़याहूं अर्चना ओझा, नायब तहसीलदार संतोष सिंह, थानाध्यक्ष रामसरीख गौतम पहुंचकर घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अराजकतत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पुत्र कृष्ण मोहन तिवारी ने अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर मिली है। पुलिस जांच में जुटी है।