800 मीटर दौड़ में अमित और रोशनी अव्वल
टीडी कालेज के उमानाथ सिंह स्टेडियम में तीन दिवसीय खेलकूद समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। तीन दिवसीय जनपदीय खेलकूद समारोह की शुरुआत गुरुवार को कालेज के उमानाथ स्टेडियम में हुई। उद्घाटन समारोह में टीडी इंटर कालेज एवं जनक कुमारी इंटर कालेज की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की। 800 मीटर दौड़ के सीनियर बालक वर्ग में अमित कुमार और बालिका वर्ग में रोशनी ने बाजी मारी।
वर्ष हुई प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ एथलीट रूद्रनाथ एवं आदिति सिंह ने संयुक्त रूप से क्रीड़ा मशाल लेकर मैदान में दौड लगाई। इसके बाद खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए शपथ दिलाई गयी। 800 मीटर सीनियर बालक में भौरा के अमित कुमार को पहला एवं बीरभानपुर के अमरजीत ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर सीनियर बालिका दौड़ में इंटर कालेज कूशा की रोशनी को पहला एवं समोधपुर की क्रीति को दूसरा स्थान मिला। 800 जूनियर बालक दौड में इण्टर कालेज मलिकानपुर के वैभव को पहला व राष्ट्रीय इंटर कालेज महरेंवपुरेव के शिवकुमार को दूसरा स्थान मिला। 800 मीटर जूनियर बालिका दौड़ में महरेव पुरेव की नीतू को पहला, एवं इंटर कालेज रतनूपुर की निधि को दूसरा स्थान मिला। 600 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में इंटर कालेज केराकत के राजेश को पहला एवं मड़ियाहूं के सुधाकर को दूसरा स्थान मिला। 800 मीटर सब जूनियर बालिका वर्ग दौड़ में मेहंदी की आंचल को पहला एवं खर्गसेनपुर की शेजल को दूसरा स्थान मिला।
इससे पूर्व बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्र एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्रा ने कार्यक्रम का उद्घाटन दीप जलाकर किया। प्रधानाचार्य डा. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। डा. रामनयन सिंह, डा. जयप्रकाश सिंह, डा. प्रमोद कुमार सिंह, रमेश चन्द्र सिंह सुधाकर उपाध्याय, डा. अखिलेश चन्द्र श्रीवास्तव, डा. जंग बहादुर सिंह, डा. सुभाष सिंह, प्रेमचन्द्र राय, डा. शैलेन्द्र सिंह, घनश्याम पटेल, डा. रणजीत सिंह, राजेश मिश्रा, डा. राकेश सिंह, अनिल उपाध्याय, संजय चौबे, माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश सिंह, माध्मायमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सन्तोष सिंह, रमाशंकर पाठक आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक डा. ब्रजेश मिश्र और संचालन डा. सुनील कुमार सिंह ने किया।