खुटहन/खेतासराय। क्षेत्र में रात के अंधेरे में ड्रोन उड़ाए जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने रविवार को खुटहन थाना परिसर में क्षेत्र के ड्रोन संचालकों को बुलवाकर बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने थानाध्यक्ष को ड्रोन का पीछा कर उसे कब्जे में लेने और संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बिना अनुमति दिन या रात में ड्रोन उड़ाना दंडनीय अपराध है। यदि कोई व्यक्ति इस नियम का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर, खेतासराय थाना परिसर में रविवार को ड्रोन संचालकों की बैठक बुलाई गई। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने कहा कि अब किसी भी दशा में अनावश्यक रूप से रात में ड्रोन नहीं उड़ने दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्रोन संचालकों को आगाह किया कि किसी को भी अपने ड्रोन को किराये पर न दें। बैठक में मौजूद ड्रोन संचालकों ने लिखित रूप से आश्वासन दिया कि वे दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे। इस दौरान नीरज मौर्या, शिवम, रंजीत, विरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।