जौनपुर। पूर्वांचल विवि में स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की अधूरी परीक्षाएं बुधवार से सुरक्षा और बचाव के बीच शुरू हुई। परीक्षा केंद्र के गेट पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सैनिटाइजेशन के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया। ऐसे छात्र जो बिना मास्क लगाए और बगैर सैनिटाइजर के पहुंचे थे, उन्हें मास्क लगाकर परीक्षा केंद्र पर आने की बात कहकर गेट से लौटा दिया गया।
बुधवार को पहले दिन स्नातक अंतिम वर्ष के समाजशास्त्र की परीक्षा हुई। वहीं दूसरी पाली में संस्कृत के छात्र-छात्रा शामिल हुए। केंद्र व्यवस्थापकों ने परीक्षा हाल में परीक्षार्थियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठाने की व्यवस्था की थी। पहले दिन की परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र, शिक्षक और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। टीडी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरोज सिंह, राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विष्णु चंद्र त्रिपाठी, मो. हसन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खां, रामदेव पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार यादव ने बताया कि पूरी सावधानी बरते हुए पहले दिन परीक्षा शुरू हुई। राष्ट्रीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सुजानगंज केंद्र प्राचार्य डॉ. राकेश पांडेय की देखरेख में परीक्षाएं शुरू हुई। इस मौके पर प्राचार्य राकेश पांडेय, केके उपाध्याय, गोविंद तिवारी आदि उपस्थित रहे।