मछलीशहर। सिकरारा थाना क्षेत्र के कुरनी (चेरई का पूरा) गांव में मंगलवार की रात एक युवक को ग्रामीणों ने चोर समझकर दौड़ा लिया और पकड़ने के बाद पिटाई की। बाद में पुलिस बुलाकर उसके हवाले कर दिया।
युवक ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी से विवाद के बाद घर से निकल गया था और भटकते हुए यहां पहुंचा। पुलिस ने युवक के परिजनों को थाने पर बुलाया है। युवक मंगलवार की रात करीब 11 बजे कुरनी (चेरई का पूरा) यादव बस्ती में टहल रहा था। उसे ग्रामीणों ने चोर समझकर दौड़ा लिया। युवक वहां से भागकर जौनपुर-रायबरेली हाईवे होते हुए छाछो गांव की ओर भागा। पीछा कर रहे ग्रामीणों ने दौड़ाकर छाछो गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के पास उसे पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीण युवक को चोर समझ कर पिटाई कर दी। ग्रामीणों इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची सिकरारा पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थानाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह के अनुसार युवक ने पूछताछ में अपना नाम हिमालय कुमार निवासी गांव सेमनिया थाना गंभीरपुर जिला आजमगढ़ बताया है। हिरासत में लिए गए युवक के परिजनों से फोन पर हुई बात हुई है। उन्होंने बताया कि पत्नी से विवाद होने के बाद वह घर से निकल गया था। एक वाहन पर सवार होकर बहक कर यहां तक पहुंचा। परिजनों को थाने पर बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।