जौनपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में विभिन्न संगठनों ने जुलूस निकाल कर आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला फूंका। घटना की निंदा करते हुए भारत सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की। जगह-जगह श्रद्धांजलि सभा कर हमले में मारे गए पर्यटकों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। एनसीसी कैडेटों ने भी शोक जताया। मड़ियाहूं: पीजी कॉलेज परिसर में 98 अप बीएन एनसीसी कैडेटों एवं शिक्षकों ने पहलगाम में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। धर्म किसी को हिंसा करना नहीं सिखाता। कुछ कट्टरपंथियों ने हिंसा को ही अपना धर्म मान लिया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. एसके पाठक ने बताया कि आतंकवादी किसी के सगे नहीं है। पर्यटकों के ऊपर किया गया यह हमला जम्मू कश्मीर के निवासियों के लिए अत्यंत ही घातक साबित होगा। कार्यक्रम में डॉक्टर देवेंद्र उपाध्याय , डॉ. श्याम दत्त दुबे, ज्ञानेश त्रिपाठी, 98 यूपी बटालियन के स्टाफ उपस्थित रहे।केराकत: पत्रकार संघ भवन में बैठक कर घाटी में हुए आतंकी हमले की निंदा की। अमित सिंह ने आतंकी घटना को मानवता पर सीधा हमला बताया। पत्रकार संघ इसका विरोध करता है। बैठक में आरिफ अंसारी, रामदास यादव, नरायन सेठ राही, फिरोज अंसारी, दिलीप विश्वकर्मा, केतन विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। लायंस क्लब ने पर्यटकों की याद में श्रद्धांजलि सभा कर मार्च निकाला। ताड़तला स्थित कुमुद सभागार में पहलगाम हमले में घायल लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। डाॅ. क्षितिज शर्मा ने कहा कि निर्दोषों को निशाना बनाना कायरता की पराकाष्ठा है। अध्यक्ष संजय केडिया ने कहा कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला कायरतापूर्ण है। नवीन मिश्रा ने कहा कि यह हमला मानवता पर प्रहार है। अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी ने कहा कि आतंकी हमला इंसानियत पर एक धब्बा है। डा. सूरज जायसवाल ने कहा कि आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों को ईश्वर अपनी श्री चरणों में जगह दें। संचालन सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने किया।
पहलगाम में निर्दोषों पर हमला कायरतापूर्ण-सुइथाकला। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के दौरान मारे गए नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए विकास खंड सभागार में बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि सभा की गई। इस दौरान लोगों ने श्रद्धांजलि दी। सभा का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. उमेश चंद्र तिवारी और बीडीओ जितेंद्र सिंह ने निर्दोषों पर हमला कायरतापूर्ण बताया। मृतकों की आत्मा की शांति एवं परिजनों को दुःख सहन करने शक्ति प्रदान करने के लिए मौन रहकर ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस मौके पर एडीओ पंचायत जय प्रकाश मौर्य, एडीओ आईएसबी ब्रह्मानंद यादव, जितेन्द्र शाह, राजेन्द्र सिंह सोनल, सौरभ मिश्र आदि रहे।
बजरंग दल ने फूंका आतंकवादी का पुतला-मुंगराबादशाहपुर। कश्मीर घाटी में गए पर्यटकों पर पहलगाम में आतंकियों द्वारा अंधाधुंध गोलियां बरसा कर 27 पर्यटकों की हत्या पर हिंदू संगठनों ने रोष जताया है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को मुंगराबादशाहपुर चौराहे पर आतंकवाद का पुतला फूंकते हुए पाकिस्तान व आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर रोहित सिंह, शिवम दूबे, प्रमोद सिंह, ऋषभ तिवारी आदि मौजूद रहे।
भाजुयमो के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का फूंका पुतला-मड़ियाहूं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अखिल प्रताप सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कोतवाली के सामने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर किए गए आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। इस दौरान 2 मिनट मौन रहकर मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई। भाजपा नेता चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि यह हमला केवल हमारे भारत के बहुसंख्यकों पर नहीं, बल्कि पूरे देश की आत्मा पर किया गया क्रूर प्रहार है। डॉ.श्याम दत्त ने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। हम सभी को एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करना होगा। सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर डॉ.राजेश पांडेय, दीपक द्विवेदी, विनय कुमार सिंह, सुरेश कुमार गुप्ता, अजय मिश्रा सहित करीब 100 की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पाक का पुतला दहन कर शिवसैनिकों ने जताया आक्रोश-केराकत। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के में हिंदू भाइयों की बर्बर हत्या से आक्रोशित शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। पाकिस्तान का पुतला दहन कर नारेबाजी की। शिवसैनिकों ने केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय से मांग की कि आतंकियों को भी उसी तरह गोली मारकर जहन्नुम भेजा जाए, जैसे उन्होंने निर्दोष हिंदुओं की हत्या की। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश आतंकवाद के खिलाफ और सख्त रुख अपनाए। पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व शिवसेना तहसील प्रमुख रवि कुमार गिरी व नगर अध्यक्ष किशन साहू ने किया। इस मौके पर संतोष शर्मा, मुकेश ताडमाणी, सावन सोनकर, अखिलेश सोनकर, शिवसेना विधानसभा अध्यक्ष नितिन सोनकर, अरुण सोनकर, आशीष सेठ आदि मौजूद रहे।
हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने फूंका आतंकवाद का पुतला-बदलापुर। कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में बृहस्पतिवार को शाम को इंदिरा चौक पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका। अखिल भारतीय हिंदू गौरव महासभा, विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद के विरोध में जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि सभी 26 पर्यटकों को आतंकवादियों ने धर्म पूछकर उनकी नृशंस हत्या कर दी । इससे साफ जाहिर है कि आतंकवादियों का धर्म होता है। लोगों ने कहा कि आतंकवाद की जड़ पाकिस्तान है, उसे करारा जवाब मिलना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो। लोगों ने घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रमोद शर्मा, सत्या शुक्ला, मिथिलेश सिंह, विनोद शर्मा, सत्यम सिंह, आर के उपाध्याय, अनुज शुक्ला, नीलेश मिश्रा, कुलदीप सिंह, लकी, शिवम अस्थाना, अमित राय आदि उपस्थित रहे।
आतंकी हमले के विरोध में छात्र और शिक्षकों ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
जौनपुर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष सैलानियों की याद में बृहस्पतिवार को टीडी इंटर कॉलेज के शिक्षक और छात्रों ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध जताया। डीएम को ज्ञापन शौंपकर घटना की निंदा की।
कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में विद्यालय के समस्त अध्यापक ,कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने नगर में रैली निकालकर विरोध जताया। कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच कर प्रधानमंत्री संबोधित ज्ञापन सौंपा। नगर भ्रमण के दौरान स्कूली बच्चों के नारे से देश प्रेम की भावना से पूरा शहर गूंज उठा। आतंकवादी गतिविधियों का विरोध करते हुए पाकिस्तान का पुतला फूंका। प्रदर्शन में जनक कुमारी इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज ,नगर पालिका इंटर कॉलेज, सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल रहे। डॉक्टर सत्य प्रकाश सिंह ने हमले की निंदा करते हुए पाकिस्तान का नामोनिशान मिटाने की मांग की। फिर से एक सर्जिकल स्ट्राइक करने की प्रधानमंत्री से अपील की। प्रधानमंत्री द्वारा सिंधु जल समझौता की संधि निरस्त करने एवं पाकिस्तानी नागरिकों को अविलंब भारत छोड़ने के निर्णय का स्वागत किया। शिक्षक नेता रमेश सिंह ने कहा कि हम शिक्षक एवं विद्यार्थी इस बात की प्रतिज्ञा लेते हैं कि अपने देशवासियों की रक्षा करने के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहेंगे। रैली में डॉ. सुनील कुमार सिंह, रजत, डॉ. उदय सिंह, अतुल, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. मनीष सिंह , डॉ. केदारनाथ सिंह ,प्रमोद सिंह आदि रहे।
आतंकी घटना को अंजाम देने वालों को हो फांसी-जौनपुर। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल ने संयुक्त रूप से पहलगाम में हुए हृदय विदारक घटना के विरोध में प्रधानमंत्री को प्रेषित ज्ञापन एसडीएम पवन कुमार सिंह को सौंपा। दल का नेतृत्व कर रहे अजय कुमार पांडेय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा हिंदू पर्यटकों का नाम एवं धर्म पूछकर गोली मारकर 25 लोगों की निर्मम हत्या से संपूर्ण देश आहत एवं मर्माहत है। लोगों में आक्रोश है। भारत सरकार इस पर कड़ाई से कार्रवाई करें। इस मौके पर एडवोकेट फोरम के प्रांत उपाध्यक्ष प्रभाकर तिवारी, विभाग अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, विभाग महामंत्री चंद्र प्रकाश तिवारी, विभाग उपाध्यक्ष रुद्र प्रताप श्रीवास्तव, जिला मंत्री सुधीर कुमार, जिला मंत्री सचिन श्रीवास्तव आदि रहे।
कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि-जौनपुर। शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी व समाज सेवी पंकज शुक्ला के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को ब्राह्मण एकता परिषद ने कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान युवाओं ने हाथ में मोमबत्ती लेकर जुलूस निकाला। ब्राह्मण एकता परिषद के संस्थापक पंकज शुक्ला ने बताया कि कैंडल मार्च नईगंज के पास स्थित शुक्लपुरम से मुरादगंज तिराहा तक निकाला गया। इसमें पहलगाम में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी। पंकज ने बताया कि पहलगाम की घटना बिल्कुल भी क्षम्य नहीं है। केंद्र सरकार को पाकिस्तान की इस कार्रवाई का करारा जवाब देना चाहिए। इस मौके पर सर्वेश, शिवम, अमित, अनुराग, भास्कर, मृदुल आदि मौजूद रहे।