सुजानगंज (जौनपुर)। क्षेत्र के सरायभोगी बाजार में रविवार को एक किशोरी प्रेमी से शादी की जिद करते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों के समझाने पर किशोरी नीचे उतरी।
एक गांव निवासी किशोरी का पड़ोस के गांव साड़ी कला की दूसरी जाति के युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। किशोरी उसी युवक से शादी करना चाहती है, लेकिन परिजन दूसरी जाति का हवाला देकर शादी के लिए तैयार नहीं हैं। इसी बात से नाराज होकर किशोरी रविवार की सुबह घर से निकलकर बाजार में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई, टावर पर चढ़कर किशोरी ने हंगामा किया। उसने चिल्लाकर कहा कि जिस लड़के से प्रेम करती हूं, उसी से शादी करूंगी। परिजन विरोध कर रहे हैं। अगर शादी नहीं हुई तो यहीं से कूद जाऊंगी। किशोरी के इस कदम से लोग भयभीत हो गए। मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद परिजनों व पुलिस के भरोसा दिलाने पर किशोरी नीचे उतरी। थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि किशोरी को परिजन भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उसकी महिला पुलिस की अभिरक्षा में बाल कल्याण समिति से काउंसिलिंग कराई जाएगी।