सेल्फी लेने के चक्र में शाही किले की मुंडेर से गिरी छात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
जौनपर। शाही किले की मुंडेर पर चढ़कर सेल्फी लेने की कोशिश में मंगलवार को दोपहर एक छात्रा करीब 20 फीट नीचे गिरकर घायल हो गई। एक निजी चिकित्सालय में उसका उपचार कराया गया। छात्रा के साथ आया युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऐसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।
शहर में गोमती नदी के तट पर स्थित शाही किले में मंगलवार को दोपहर तमाम लोग सैर सपाटे के लिए पहुंचे थे। नगर के एक स्कूल में इंटर की छात्रा भी अपने साथी युवक के साथ वहां मौजूद थी। दोनों किले के पश्चिमी हिस्से की मुंडेर पर चढ़ गए और वहीं से सेल्फी लेने लगे। सेल्फी लेते समय छात्रा असंतुलित होकर किले के बाहरी तरफ करीब 20 फीट नीचे गिर पड़ी। उसकी चीख सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। किले के अंदर मौजूद लोग भी शोर मचाने लगे। किसी तरह छात्रा को बाहर निकाला निकाला गया। उसके सिर, पैर और हाथ में चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा नीचे गिरी तो उसका साथी युवक फरार हो गया। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाने की कोशिश की तो घायल छात्रा ने उनसे मना कर दिया। उसके सिर से खून निकल रहा था लेकिन वह न तो जिला अस्पताल जाने के लिए तैयार हो रही थी और न ही अपन घर का पता बताना चाहती थी। कुछ लोगों की मदद से उसे एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। नगर कोतवाल ने ऐसी किसी जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।