जौनपुर। सामाजिक संस्था अनहद की चेयरमैन शबनम हाशमी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस रन्नो गांव की मृतका सायमा के मायके वालों को फर्जी तरीके से फंसा रही है। मृतका का फिर से पोस्टमार्टम कराया जाए। दोबारा पोस्टमार्टम के लिए डीएम से मुलाकात करेंगी। उन्होंने सायमा मौत प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही घटना की जांच में लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रासमंडल स्थित रामेश्वर शिशु विहार स्कूल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बक्शा थाना क्षेत्र के रन्नो गांव निवासी सायमा (26) की मौत के गुनहगारों को सजा दिलाकर रहेंगी। कहा कि इस मामले को गुरुवार को महिला आयोग को अवगत करा दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो वह मुख्यमंत्री से भी बात करेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक का बयान गैर जिम्मेदाराना है। पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा मृतका के मायके वालों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए दौड़ाया जा रहा है। कहा कि पुलिस गुनहगारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कार्रवाई करने का दबाव बनाया तो उल्टे पुलिस धारा 201 (शव के साथ छेड़छाड़) के तहत मायके वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दे रही है। उन्होंने एसपी के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताया। इस दौरान मृतका के पिता, भाई-बहन समेत डा. आरिफ, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे। शाहगंज संवाददाता के मुताबिक, शबनम हाशमी देर शाम उसरहटा स्थित मृतका सायमा के मायके पहुंचीं। यहां परिजनों से मुलाकात कर इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच के लिए वह महिला आयोग, अल्पसंख्यक आयोग तथा मुख्यमंत्री से भी मुलाकात करेंगी।