जौनपुर। सांसद धनंजय सिंह का प्रयास रंग लाया और तीन मूक बधिर बच्चों के इलाज के लिए पीएमओ की तरफ से 31.30 लाख रुपये जारी हो गए। रविवार को सांसद ने पत्रकार वार्ता में यह जानकारी देते हुए बताया कि इन बच्चों का इलाज दिल्ली के अपोलो हास्पिटल में कराया जाएगा। बेड और आपरेशन अपोलो प्रशासन नि:शुल्क करेगा। बच्चों के उपचार में मदद के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। महराजगंज के इब्राहिमपुर गांव निवासी बच्चों के पिता राजीव मिश्र ने बताया कि बच्चों के इलाज के लिए इससे पहले कई नेताओं से गुहार लगाई थी लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला था।
शहर के काली कुत्ती स्थित आवास पर सांसद ने कहा कि राजीव मिश्रा के तीन बच्चे परी (07), सत्यम (05) और आदर्श मिश्रा (04) जन्म से ही गूंगे बहरे हैं। कुछ दिन पहले राजीव उनके पास आए थे। बच्चों और परिवार की स्थिति को देखते हुए उन्होंने उपचार कराने का बीड़ा उठाया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री से मिलकर बच्चों के इलाज के लिए धन की स्वीकृति कराई। बस यही कामना है कि बच्चे सामान्य जिंदगी जीना शुरू कर दें। पीएमओ से बताया गया कि बच्चों के लिए प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत रुचि ली है।