सूरापुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के उसरौल गांव से सात दिन से लापता अधेड़ की लाश शनिवार को सुल्तानपुर के करौंदी कला थाना क्षेत्र के भटौता तुलसीपट्टी गांव में पाई गई। लाश बुरी तरह सड़ चुकी थी। कपड़े और जेब में मिली डायरी से मृतक की पहचान हो सकी। शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उसरौली निवासी कृष्ण कुमार उपाध्याय उर्फ झिन्नू (45) अपनी यूटिलिटी जीप किराए पर चलाते थे। 23 जून को कृष्ण कुमार वाराणसी जाने की बात कह कर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कृष्ण कुमार का कुछ पता नहीं चला। 24 जून को कृष्ण कुमार की यूटिलिटी जीप जौनपुर के जेसीज चौराहे पर लावारिस हालत में मिली। 25 को सरपतहां थाने में परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी बीच शनिवार दोपहर सुल्तानपुर के करौंदी कला थाना क्षेत्र के भटौता तुलसीपट्टी गांव में एक नाले के किनारे कृष्ण कुमार की लाश पाई गई। शरीर का काफी हिस्सा बुरी तरह सड़ चुका था। जेब में मिली डायरी में लिखे फोन नंबर और पते से पुलिस ने परिजनों को खबर दी। परिवार वालों के आने के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।